चलती सड़क पर कार का दरवाजा खोलना पड़ा भारी, स्कूटी सवार की मौत

पान मसाला थूकने के लिए बिना पीछे देखे खोला कार का गेट, जोरदार टक्कर के बाद डिवाइडर से भिड़ा स्कूटी सवार; सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

कानपुर। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के बेनाझाबर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय स्कूटी सवार इजहार हुसैन की मौत हो गई। हादसा रीजंटा होटल के पास उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पान मसाला थूकने के लिए अचानक बिना पीछे देखे कार का दरवाजा खोल दिया। पीछे से आ रहे स्कूटी सवार इजहार हुसैन सीधे खुले दरवाजे से टकरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में इजहार के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक इजहार हुसैन मूल रूप से हीरामन का पुरवा के रहने वाले थे और वर्तमान में रावतपुर के रोशन नगर में परिवार के साथ रह रहे थे। वह बेकनगंज स्थित एक सरकारी राशन की दुकान पर कार्यरत थे। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इजहार अपने पीछे पत्नी गुल्कशा समेत चार बच्चों को छोड़ गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद