हम हैं काकरोच के पोस्टर के साथ राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी का शांति मार्च, पुलिस ने रोका, दिव्यांगों ने किया विरोध

डीजीपी कार्यालय के आदेशों का पालन न करने का आरोप, दिव्यांगों की रिपोर्ट दर्ज न होने पर नाराजगी

कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी द्वारा “हम हैं काकरोच” लिखे पोस्टर के साथ शांति मार्च निकालने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। शांति मार्च रोके जाने से नाराज पार्टी कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए और प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। बाद में एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह के आश्वासन पर पदयात्रा स्थगित कर दी गई।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी लंबे समय से दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के पूर्ण अनुपालन, नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोटी-कपड़ा-मकान की सौ फीसदी गारंटी, सामाजिक समानता कानून लागू करने, सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा बढ़ाने व पूरा करने, सभी श्रेणी के दिव्यांगों को रोजगार में अवसर देने तथा दिव्यांग पेंशन ₹5000 प्रतिमाह किए जाने सहित 23 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत है।
पार्टी का आरोप है कि दिव्यांग पीड़ितों की थानों में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती और शासन व पुलिस महानिदेशक कार्यालय के आदेशों का भी पालन नहीं हो रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी काकादेव व एसीपी स्वरूप नगर द्वारा देर रात वार्ता का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे उन्होंने ठुकराते हुए सुबह वार्ता की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी शास्त्री नगर सुबह 6 बजे से ही सेंट्रल पार्क में मौजूद रहे और किसी को बाहर नहीं निकलने दिया गया।
बाद में पीड़िता नाजमा बानों की रिपोर्ट दर्ज की गई तथा दिव्यांग कमल किशोर के 40 हजार रुपये प्रॉपर्टी डीलर से वापस दिलाए गए। इसके बाद प्रशासन द्वारा मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर पदयात्रा रोक दी गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि जब तक सभी पीड़ित दिव्यांगों की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगे आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष कल्पना कुमारी, अरविंद सिंह, वैभव दीक्षित, गुड्डी दीक्षित, गोमती वर्मा, सरला, तन्मय श्रीवास्तव, सतेंद्र कुमार, मोहम्मद मेराजुद्दीन, प्रज्वल कुमार सिंह, राम जानकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद