कानपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन में कमिश्नरेट क्राइम ब्रांच और पश्चिम जोन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गांजे से लदे एक संदिग्ध ट्रक को पकड़ लिया। इस कार्रवाई के साथ ही अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय नशे के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार शहर में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए क्राइम ब्रांच द्वारा लंबे समय से विशेष निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त क्राइम सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में एक रणनीति तैयार की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजे की खेप ट्रक के जरिए कानपुर लाई जा रही है, जिसे शहर सहित आसपास के कई जिलों में सप्लाई किया जाना था।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम, पश्चिम जोन के कल्याणपुर सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार तथा रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी कर उसे कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी बरामद गांजे की सटीक मात्रा सार्वजनिक नहीं की है।
बताया जा रहा है कि तस्करों की योजना इस खेप को छोटे पैडलर्स के माध्यम से शहर और आसपास के गैर-जनपदों में खपाने की थी। पुलिस की सतर्कता के चलते तस्करों के मंसूबे नाकाम हो गए। मौके से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड, सप्लायर्स और उनसे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की यह खेप किस राज्य से लाई गई थी और इसका नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है।
कमिश्नरेट पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई शहर में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर को नशामुक्त बनाने के लिए इस रैकेट की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए।
इस पूरे ऑपरेशन में एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके, एसीपी आशुतोष कुमार, रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय और क्राइम ब्रांच की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही औपचारिक प्रेसवार्ता कर बरामद गांजे की मात्रा, उसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत और गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास का खुलासा किया जाएगा।
गांजे से भरा ट्रक पकड़ाकर पुलिस ने तोड़ा नशे का बड़ा नेटवर्क