कानपुर-बर्रा थाना क्षेत्र से लापता 21 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या की वजह शादी का दबाव और आपसी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि बर्रा के बी ब्लॉक में किराए पर रहने वाली युवती के प्रेम संबंध देवकांत उत्तम से थे। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। युवती लगातार देवकांत पर शादी का दबाव बना रही थी और इस संबंध में उसने उन्नाव में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी बात से आरोपी उससे नाराज चल रहा था। पुलिस के मुताबिक 21 मई को देवकांत उत्तम अपने साथी विवेक पटेल के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से बर्रा पहुंचा। उसने फोन कर युवती को बाईपास पर बुलाया। युवती के गाड़ी में बैठते ही आरोपियों ने चलती स्कॉर्पियो में रस्सी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में ले गए। वहां पहचान छिपाने के उद्देश्य से युवती के कपड़े उतारकर शव को सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए।
युवती के लापता होने के बाद बर्रा पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस बुलंदशहर पहुंची, जहां लावारिस हालत में मिले शव की परिजनों से शिनाख्त कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी देवकांत उत्तम, उसके साथी विवेक पटेल और वारदात में मदद करने वाले अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रस्सी बरामद कर ली है। डीसीपी के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
लापता युवती की हत्या में प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार