कानपुर- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सफर का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। पीएमओ से कार्यक्रम को लेकर हरी झंडी मिल चुकी है और लोकार्पण की तारीख भी जल्द घोषित होने की संभावना है।
करीब ₹4700 करोड़ की लागत से तैयार हुए 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे में 42 किलोमीटर हिस्सा ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है। इस परियोजना के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच सफर पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।
एनएचएआई के अनुसार एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ प्रधानमंत्री दो और महत्वपूर्ण हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें कानपुर-कबरई ग्रीन फील्ड हाईवे और बाराबंकी-बहराइच हाईवे शामिल हैं।
कानपुर-कबरई हाईवे लगभग 112 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह हाईवे कानपुर, फतेहपुर और हमीरपुर से होकर गुजरेगा। वहीं 102 किलोमीटर लंबे बाराबंकी-बहराइच मार्ग को दो लेन से फोर लेन में बदला जाएगा, जिसके लिए करीब सात हजार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। भूमि अधिग्रहण का कार्य भी शुरू हो चुका है।
ग्रीन फील्ड हाईवे की खासियत यह होती है कि इसे नई भूमि पर विकसित किया जाता है, जहां पहले कोई सड़क या आबादी नहीं होती। इसके दोनों ओर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की योजना भी शामिल है।
इस एक्सप्रेसवे पर शोर नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। सड़क किनारे लगभग 10 फीट ऊंचे साउंड बैरियर लगाए गए हैं, जो एल्युमिनियम और स्टील फ्रेम से तैयार किए गए हैं। इनके भीतर विशेष सिंथेटिक फाइबर भरा गया है, जो वाहनों और हॉर्न की आवाज को सोख लेगा, जिससे आसपास की आबादी को शोर से राहत मिलेगी।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे जल्द होगा लोकार्पित