कानपुर- भीषण गर्मी के बीच कानपुर में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात रही कि चालक ने समय रहते स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक पतरसा निवासी वीरेंद्र मिश्रा रोज की तरह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से कंपनी जा रहे थे। पनकी थाना क्षेत्र स्थित एलएमएल चौराहे के पास पहुंचते ही स्कूटी के निचले हिस्से से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में स्कूटी से आग की तेज लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी सड़क किनारे रोकी और तुरंत दूर हट गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रित कराया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।
पीड़ित वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रिक स्कूटी करीब छह महीने पहले ही खरीदी थी। शुरुआती आशंका के मुताबिक भीषण गर्मी के कारण बैटरी या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी।
ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि तेज गर्मी में इलेक्ट्रिक वाहनों को लंबे समय तक धूप में खड़ा न करें और लंबी राइड के तुरंत बाद चार्जिंग से बचें, ताकि बैटरी ओवरहीट होने का खतरा कम किया जा सके।
चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान