फूल तोड़ने गए युवक पर तेंदुए का हमला, लाठी-डंडों और शोर मचाकर ग्रामीणों ने खदेड़ा; वन विभाग अलर्ट पर
कानपुर- महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह-सुबह एक तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की सूझबूझ और हिम्मत से युवक की जान बच सकी। घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव का एक युवक सुबह घर के पास फूल तोड़ने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तेंदुए को घेरने की कोशिश की, जिसके बाद तेंदुआ युवक को छोड़कर झाड़ियों और जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद महाराजपुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है। तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है।