दो साल बाद मिली राहत

नंदलाल चौराहे पर सार्वजनिक यूरिनल का निर्माण शुरू, जनसंघर्ष लाया रंग

कानपुर। गोविन्द नगर के नंदलाल चौराहे स्थित जलकल जोन-5 कार्यालय के बाहर लगभग दो वर्षों से लंबित सार्वजनिक पुरुष एवं महिला यूरिनल का निर्माण कार्य शनिवार से शुरू हो गया। निर्माण कार्य शुरू होते ही क्षेत्रीय व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे लंबे जनसंघर्ष और जनदबाव की जीत बताया।
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व कथित नाला निर्माण के नाम पर यहां बने सार्वजनिक यूरिनल को ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद न तो नाला बनाया गया और न ही यूरिनल का पुनर्निर्माण कराया गया। परिणामस्वरूप स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और विशेष रूप से महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र के लोगों ने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से इस समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस), संभव पोर्टल और नगर विकास विभाग में लगातार शिकायतें दर्ज कराई गईं। मामला नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा तक पहुंचा, जिन्होंने नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई थी।
लगातार शिकायतों और जनदबाव के बाद शनिवार को नगर निगम ने आखिरकार सार्वजनिक यूरिनल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया। निर्माण शुरू होने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय व्यापारियों और नागरिकों ने संतोष जताया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं गोविन्द नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश वीर आर्य ने कहा कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि जनता की एकजुटता और जनहित के लिए किए गए संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों से लोग इस मूलभूत सुविधा के अभाव में परेशान थे और अब उनकी मांग पूरी होती दिखाई दे रही है।
उन्होंने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और इस मुद्दे को लगातार उठाने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित किया जाना चाहिए, ताकि व्यापारियों, महिलाओं और राहगीरों को स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद