कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। अंबरपुर गांव स्थित तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार करीब दो बजे अंबरपुर गांव के पास स्थित तालाब में दिव्यांशु पुत्र जगदीश (18) और शादाब पुत्र तकदीर अली (18) नहाने गए थे। दोनों कानपुर नगर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के गढ़ रूमा के निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए और बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों के शव तालाब से बाहर निकलवाए। वहीं हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत