कानपुर। रेलबाजार क्षेत्र के एक स्कूल का मामला; फीस में देरी होने पर छात्र को मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप, पीड़िता ने मांगी गोपनीयता
कानपुर: शहर के निजी स्कूलों में फीस और किताबों के नाम पर अभिभावकों के आर्थिक शोषण का मामला एक बार फिर गरमा गया है। रेलबाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित एक निजी स्कूल के खिलाफ एक पीड़ित अभिभावक ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। मामला बेहद गंभीर होने के कारण इसे तत्काल प्रभाव से बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), कानपुर नगर को जांच और सख्त कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया गया है। पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता रेखा शुक्ला (बदला हुआ नाम) ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन फीस जमा करने में मामूली देरी होने पर भी भारी-भरकम और नाजायज पेनल्टी वसूल रहा है। हद तो तब हो गई जब फीस और पेनल्टी न देने पर बच्चे का नाम स्कूल से काटने की धमकी दी गई। अभिभावक का आरोप है कि इस विवाद को लेकर छात्र को स्कूल में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उसे कक्षा में बैठने से भी रोका गया, जिससे बच्चे की पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा है।
शिकायत में स्कूल के कमर्शियल सिंडिकेट का भी भंडाफोड़ किया गया है। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों को एक निश्चित दुकान से ही अत्यधिक कीमतों पर किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया। इसके अलावा, बाजार से सामान्य नोट बुक खरीदने पर पाबंदी लगाकर स्कूल की मुहर लगी स्पेशल कॉपियां अतिरिक्त दामों पर बेची गईं, जिससे अभिभावकों पर चौतरफा आर्थिक बोझ पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या दर्ज कर ली गई है। स्कूल प्रबंधन के रसूख और बच्चे के भविष्य को खतरे में देखते हुए पीड़ित अभिभावक ने प्रशासन से अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने की मांग की है, ताकि स्कूल प्रबंधन भविष्य में बच्चे को निशाना न बना सके। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच बेसिक शिक्षा विभाग को सौंप दी गई है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की दंडात्मक कार्रवाई तय होगी। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आधिकारिक पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हो सका था। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस ‘स्कूल राज’ पर क्या और कितनी जल्दी एक्शन लेता है।