घाटमपुर में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 4.48 लाख जुर्माना

संयुक्त अभियान में 17 वाहन सीज, 74 का चालान

कानपुर-घाटमपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रशासन ने ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा रात 9 बजे से शुरू किए गए विशेष अभियान में कुल 91 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न, टैक्स, परमिट और लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं की जांच की गई। संयुक्त टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सीज किया और भारी जुर्माना भी लगाया।
परिवहन एवं खनन विभाग की कार्रवाई में 7 वाहनों के खिलाफ ओवरलोडिंग समेत विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान में 17 वाहनों को सीज किया गया तथा 74 वाहनों का चालान किया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर भारी वाहनों की सघन चेकिंग की गई। अधिकारियों ने वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की भी जांच की। बिना नंबर प्लेट और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई।
इस संयुक्त कार्रवाई में अबिचल प्रताप सिंह, एआरटीओ कहकशां, एसीपी कृष्णकांत, खनन अधिकारी समेत पुलिस और प्रशासनिक विभागों की टीमें मौजूद रहीं।
एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहन न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क हादसों का बड़ा कारण भी बनते हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के बाद वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद