सरसैया घाट पर दिव्यांगों का हंगामा, पुलिस से झड़प के बाद नाना राव पार्क में धरना

कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के बैनर तले गुरुवार को दिव्यांगों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सरसैया घाट पर धरना देने पहुंचे कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद घंटों तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद प्रदर्शनकारी नाना राव पार्क पहुंचे और वहां धरना देकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पार्टी के जिलाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि सरसैया घाट पर धरने की अनुमति के लिए एक सप्ताह पहले एसीपी कोतवाली को प्रार्थना पत्र दिया गया था। आरोप है कि 13 मई की रात पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और बताया कि धरने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद सुबह बड़ी संख्या में दिव्यांग सरसैया घाट पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मौके पर नहीं पहुंचेंगे, वे धरना स्थल नहीं छोड़ेंगे। पुलिस प्रशासन लगातार उन्हें नाना राव Park जाने के लिए कहता रहा। बाद में उच्चाधिकारियों से बातचीत के बाद वीरेन्द्र कुमार सरसैया घाट पहुंचे और समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते हुए नाना राव पार्क पहुंचे।
धरना स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रशासन पर दिव्यांगजन अधिनियम 2016 की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर कई दौर की वार्ता के बावजूद आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उर्सला अस्पताल में अगस्त 2025 में ‘वेरा जांच मशीन’ लगाने के आदेश के बावजूद मशीन अब तक नहीं लगाई गई। इसके अलावा राशन की दुकानों में दिव्यांगों को निर्धारित कोटा नहीं मिल रहा और नगर निगम भी दिव्यांगों को दुकानें व स्थान उपलब्ध कराने में विफल है।
धरना समाप्त कराने पहुंचे अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शन खत्म करने का प्रयास किया, लेकिन वीरेन्द्र कुमार दिव्यांगजन अधिनियम 2016 की धारा 13, 7, 92 और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त किया गया।
प्रदर्शन में आनंद तिवारी, कल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, वैभव दीक्षित, गौरव कुमार, गुड्डी दीक्षित, रंजीत सिंह, गोमती वर्मा, ओम प्रकाश दास, दिलीप कुमार और महेश चंद साहू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद