25 मई को होगा एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास

रामादेवी से गोल चौराहे तक बनेगी 1000 करोड़ की एलिवेटेड रोड

कानपुर महानगर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास आगामी 25 मई को किया जाएगा। शहर की बहुप्रतीक्षित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
इस संबंध में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। बैठक के दौरान सांसद ने कानपुर के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 25 मई को कानपुर पहुंचकर परियोजना का विधिवत शिलान्यास करने की अधिकृत स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सांसद रमेश अवस्थी को सौंपी।
बताया जा रहा है कि रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक बनने वाली यह एलिवेटेड रोड कानपुर शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में यातायात को काफी हद तक सुगम बनाएगी। वर्तमान समय में इस मार्ग पर भारी वाहनों, व्यावसायिक यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही के कारण लंबे जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।
एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद न केवल जाम की समस्या में राहत मिलेगी बल्कि यात्रा समय भी काफी कम हो जाएगा। इससे शहर के औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी तथा दैनिक आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सुविधा प्राप्त होगी।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में कानपुर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के विशेष सहयोग से शहर को आधुनिक यातायात सुविधाएं और बड़ी आधारभूत परियोजनाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह एलिवेटेड रोड परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे व्यापार, उद्योग और आम नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुगम हो सकेगी।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार कानपुर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आने वाले समय में शहर को कई और बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है, जिससे कानपुर देश के प्रमुख विकसित महानगरों की श्रेणी में शामिल होगा।
उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद