हाईटेक IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

फजलगंज पुलिस की कार्रवाई में 1.04 लाख नकद, 15 मोबाइल, लैपटॉप व स्कॉर्पियो बरामद; पूरे नेटवर्क की जांच जारी

कानपुर शहर में चल रहे अवैध सट्टेबाजी के काले कारोबार के खिलाफ फजलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर ऑनलाइन IPL सट्टा चला रहे एक हाईटेक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मौके से पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में नगदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक लग्जरी वाहन बरामद हुआ है।
पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर मिली। सूचना मिलते ही फजलगंज पुलिस ने संबंधित इलाके में छापेमारी कर गिरोह को धर दबोचा और उसके नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से 1,04,300 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, सट्टे का हिसाब-किताब रखने वाला रजिस्टर और एक ब्लैक स्कॉर्पियो कार बरामद की, जिसका इस्तेमाल गिरोह के सदस्य कर रहे थे।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह गिरोह मोबाइल ऐप के जरिए IPL मैचों पर अवैध सट्टा लगवाता था। आरोपी तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे और मोबाइल व लैपटॉप के जरिए सट्टे की गतिविधियों पर नजर रखते थे।
पुलिस को बरामद रजिस्टर से कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बड़े बुकीज़ तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए पांचों अभियुक्तों के खिलाफ फजलगंज थाने में जुआ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इसके तार किन-किन शहरों या अन्य बड़े सट्टेबाजों से जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि शहर में किसी भी तरह की अवैध सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले समय में इस तरह के मामलों पर और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी सट्टेबाजी या जुए से संबंधित गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद