कानपुर- कल्याणपुर थाना क्षेत्र के केशव वाटिका इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक बुजुर्ग महिला की घर के अंदर घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जिससे बदमाशों को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया।
जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मृतका के पति जब दवा लेने के बाद घर लौटे, तो उन्होंने पत्नी का शव फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। यह नजारा देखकर वह चीख पड़े, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी या लूट के इरादे से घर में घुसे थे। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, घर से क्या-क्या सामान गायब हुआ है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और सहयोग की अपील की है।
बुजुर्ग महिला की हत्या