40,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में कार्रवाई, कई जगह नोटिस; 15 दिन में निर्माण हटाने की चेतावनी
कानपुर। शहर में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने करीब 40,500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में हो रही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को सील कर दिया, साथ ही कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए।
विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में चली कार्रवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। सील किए गए परिसरों को संबंधित थानों—गंगाघाट, शुक्लागंज और बिठूर—की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
शुक्लागंज (उन्नाव) के ग्राम सहजनी देवारा में मोहम्मद अजीज और संदीप वर्मा द्वारा लगभग 5,000 वर्ग मीटर में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील किया गया। वहीं बिठूर क्षेत्र के ग्राम चिरान में महेश और विश्राम द्वारा करीब 12,000 वर्ग मीटर में बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई हुई।
इसके अलावा अकबरपुर बांगर में 10,000 वर्ग मीटर, बगदौधी बांगर में 3,000 वर्ग मीटर और अन्य स्थानों पर करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर यूपी नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित लोगों को 15 दिन में स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा प्राधिकरण पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण करेगा।
गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी में बिना नक्शा पास कराए जी+4 मंजिला भवन निर्माण पर भी धारा-27 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भूमि की खरीद से पहले केडीए से उसका स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र अवश्य जांच लें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।