कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में योग पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं द्वारा शहर में योग शिविरों के आयोजन की पहल की गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की प्रेरणा से आयोजित संगोष्ठी में “महर्षि पतंजलि हाउस” और “महर्षि घेरंड हाउस” का औपचारिक गठन किया गया।
इस पहल का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक और प्रायोगिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है, साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समन्वय कौशल का विकास करना भी है। हाउसों का गठन शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव और योग ओपीडी प्रभारी डॉ. रामकिशोर के मार्गदर्शन में किया गया।
संगोष्ठी की शुरुआत डॉ. अभिषेक सिंह ने हाउस प्रणाली की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए की। डॉ. रामकिशोर ने बताया कि दोनों हाउसों की टीमें प्रत्येक शनिवार को खेल गतिविधियां, योग प्रतियोगिताएं और शहर के विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित करेंगी, जिससे योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
महर्षि पतंजलि हाउस का टीम लीडर निहाल सिंह और महर्षि घेरंड हाउस का टीम लीडर विष्णु पाल को बनाया गया है। वहीं, मेंटर के रूप में डॉ. राघवेंद्र चतुर्वेदी और सोनाली धनवानी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगामी 11 अप्रैल को महर्षि पतंजलि हाउस द्वारा गौतम बुद्ध पार्क में सुबह 7:30 से 9:30 बजे तक योग शिविर आयोजित किया जाएगा, जबकि महर्षि घेरंड हाउस द्वारा जेके मंदिर में इसी समय योग शिविर लगाया जाएगा।
संगोष्ठी में सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्हें दोनों हाउसों में विभाजित कर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति परीक्षा में शामिल छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
CSJMU के योग छात्र शहर में लगाएंगे योग शिविर