मनीष गुप्ता
कानपुर। मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल अधिकारी, नर्सिंग होम) व कल्याणपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित 11 चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर एक अस्पताल को सील कर दिया गया, जबकि अन्य के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।निरीक्षण में नवजीवन क्रिटिकल केयर सेंटर, कल्याणपुर को गंभीर खामियों के चलते सील कर दिया गया। वहीं एल.एस. नर्सिंग होम का ऑपरेशन थिएटर (ओटी) सील करते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों को तीन दिन के भीतर अन्यत्र रेफर कर चिकित्सालय बंद करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा चरक नर्सिंग होम, आरोग्य मेडिकल सेंटर, यथार्थ हॉस्पिटल, नीलम सरोज हॉस्पिटल, माधव हॉस्पिटल, श्री राधे हॉस्पिटल और जीवन हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी चिकित्सालय के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।