कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मुख्य प्रांगण में 27 से 29 मार्च तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लेव एवं क्षेत्रीय ट्रेड शो का शुभारंभ आज होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति के. विजयेंद्र पांडियन ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को बढ़ावा देने और उत्तर प्रदेश को “उद्यम प्रदेश” के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से इस कॉनक्लेव का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सूर्य प्रताप शाही (कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री, उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राकेश सचान (लघु, सूक्ष्म, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री) शामिल होंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में रमेश अवस्थी (सांसद), सुरेंद्र मैथानी, अर्चना पांडे, सलिल बिश्नोई, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, डॉ. विनय कुमार पाठक (कुलपति, सीएसजेएमयू) एवं डॉ. शमशेर सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
कुलपति ने बताया कि कॉनक्लेव में स्टार्टअप आइडिया प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे—प्रथम स्थान पर ₹1 लाख, द्वितीय पर ₹50,000, तृतीय पर ₹30,000 तथा चयनित प्रतिभागियों को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
तीन दिवसीय इस आयोजन में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न संस्थान, स्टार्टअप और उद्यमी अपने उत्पाद एवं नवाचार प्रदर्शित करेंगे। इस अवसर पर फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी कन्नौज) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के साथ विश्वविद्यालय का एमओयू भी साइन किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन 27 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. कौशल कुमार, निदेशक प्रसार डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, अर्थ नियंत्रक संजय कुमार राय, डॉ. नौशाद खान सहित विश्वविद्यालय एवं एमएसएमई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: कानपुर ब्यूरो)