कानपुर—श्री गुरू सिंह सभा कानपुर के 2026-29 सत्र के चुनाव की प्रक्रिया नामांकन के साथ औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस अवसर पर सभा के मुख्यालय गुरुद्वारा लाटूश रोड में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों, सिख संगठनों एवं स्त्री सत्संग सभाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हरविंदर सिंह लॉर्ड वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह भल्ला लाडी के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर अरदास की और “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के बीच अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी डॉ. टी.एस. कालरा को सौंपा।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान हरविंदर सिंह लॉर्ड के प्रस्तावक के रूप में सुखविंदर सिंह भल्ला लाडी, ज्ञानी मदन सिंह, मोहन सिंह झास एवं मीतू सागरी शामिल रहे।
महत्वपूर्ण बात यह रही कि नामांकन की अंतिम समय सीमा तक अध्यक्ष पद के लिए हरविंदर सिंह लॉर्ड के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे सभा में उनके नेतृत्व को व्यापक समर्थन मिलने के संकेत मिलते हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 26 मार्च (गुरुवार) को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 28 मार्च को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। यदि कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आता है, तो 05 अप्रैल को औपचारिक रूप से परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस चुनाव को लेकर सिख समाज में खासा उत्साह है और गुरुद्वारा परिसर में पूरे समय धार्मिक एवं सामाजिक माहौल बना रहा। चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से सभा के आगामी तीन वर्षों के नेतृत्व का चयन होगा, जो धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गुरू सिंह सभा चुनाव शुरू, हरविंदर सिंह लॉर्ड ने भरा पर्चा