अवैध एम्बुलेंस-शव वाहनों पर कार्रवाई, 2 सीज

कानपुर—शहर में अनाधिकृत रूप से संचालित एम्बुलेंस और शव वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। कार्डियोलॉजी से लेकर हैलट अस्पताल क्षेत्र तक चलाए गए इस विशेष अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम विंध्याचल गुप्ता ने बताया कि अभियान स्वरूप नगर एसीपी शिखर, थाना प्रभारी स्वरूप नगर तथा पीटीओ डी.के. सिंह की मौजूदगी में चलाया गया। इस दौरान बिना वैध परमिट और अधूरे दस्तावेजों के साथ संचालित हो रहे वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान दो ऐसे वाहनों को मौके पर ही पकड़कर बंद (सीज) किया गया, जिनके न तो आवश्यक कागजात पूर्ण थे और न ही उन्हें नियमानुसार परिवर्तित (मॉडिफाइड) किया गया था। इसके अलावा एक एम्बुलेंस के दस्तावेज अधूरे मिलने पर उसका चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा के नाम पर नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान जैसे ही जांच शुरू हुई, अवैध रूप से वाहन चला रहे चालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई चालक मौके से भागने लगे। टीम ने सख्ती दिखाते हुए संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच की और दोषी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की।
इसी दौरान पुलिस ने हैलट अस्पताल की बाउंड्री वॉल से सटकर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। अतिक्रमण करने वालों को हटाया गया और क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष अभियान पूरे मार्च माह तक लगातार जारी रहेगा। इसके बाद 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक बकाया टैक्स, परमिट और हेलमेट को लेकर एक और सघन अभियान चलाया जाएगा। वर्तमान में स्कूली वाहनों की जांच भी प्राथमिकता पर की जा रही है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
परिवहन विभाग और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद