कानपुर। थाना चकेरी क्षेत्र स्थित खाटू श्याम ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सर्विलांस टीम और चकेरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी मोहम्मद शकील, धर्मेंद्र गौतम उर्फ जावेद और चोरी का माल खरीदने वाला सुनार शाह कमाल शामिल है।
डीसीपी के अनुसार, 16-17 मार्च की दरमियानी रात शातिर चोरों ने खाटू श्याम ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, नकदी समेत सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर लिया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 80 फीट रोड के पास घेराबंदी कर दो मुख्य आरोपियों मोहम्मद शकील और धर्मेंद्र गौतम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का माल उन्होंने परेड थाना क्षेत्र निवासी शाह कमाल को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने तड़के दबिश देकर शाह कमाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 130 ग्राम चांदी के जेवर, 159 पीस आर्टिफिशियल ज्वेलरी, चोरी किया गया डीवीआर, एक मोटरसाइकिल और दीवार काटने में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद शकील एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि धर्मेंद्र गौतम पर भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर शहर में हुई अन्य चोरियों में इनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
चकेरी पुलिस और सर्विलांस टीम ने शानदार समन्वय का परिचय देते हुए कुछ ही दिनों में इस जटिल चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
चकेरी में ज्वेलर्स चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार