कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत अनवरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को 1 किलो 150 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश, डीसीपी सेंट्रल एवं एसीपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कॉटन मिल गेट के सामने धर्मकांटा के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान रिशु गुप्ता (26) पुत्र राजेंद्र गुप्ता, निवासी बंबा रोड दर्शनपुरवा, थाना फजलगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। रिशु गुप्ता पहले से ही चोरी, हत्या की साजिश और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में वांछित रहा है और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राहुल शुक्ला, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार और कांस्टेबल अंकित चौधरी की अहम भूमिका रही। आरोपी की गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
गांजा के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई