कानपुर। नगर आयुक्त Arpit Upadhyay ने बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं का जायजा लेने के लिए मोतीझील से सीसामऊ बाजार तक विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान 80 फीट रोड, भदौरिया चौराहा और लेनिन पार्क तक सड़क के दोनों ओर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। कई स्थानों पर भवन स्वामियों द्वारा फुटपाथ पर पक्की दीवारें खड़ी कर लेने से राहगीरों को सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा था। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी और जोनल अभियंता-4 को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त करने और संबंधित लोगों से यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए।
जरीब चौकी, पी-रोड, गोपाल सिनेमा और वनखण्डेश्वर मंदिर चौराहे तक सड़कों पर फैले अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित मिलने पर उन्होंने इस मार्ग पर राजस्व निरीक्षकों की स्थायी तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही बार-बार अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त करने और प्रतिदिन यूजर चार्ज वसूलने को कहा।
लेनिन पार्क और गांधी नगर क्षेत्र में पेयजल संकट और दूषित पानी की शिकायत पर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों से जवाब-तलब किया। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण समस्या आ रही है, जिसे बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने मरम्मत कार्य पूरा होने तक क्षेत्र में प्रतिदिन पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लेनिन पार्क ढाल पर जलकल पंप के बाहर निर्माण मलबा मिलने पर भी संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई और तत्काल मलबा हटवाकर जिम्मेदार व्यक्ति से हर्जाना वसूलने के आदेश दिए गए। निरीक्षण में जलकल विभाग के अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश