राजस्व वसूली में आरटीओ कानपुर मंडल प्रदेश में प्रथम

कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व प्राप्ति लक्ष्य को पूरा करने में आरटीओ कानपुर मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रवर्तन विभाग की सख्त कार्रवाई और शमन शुल्क के रूप में की गई वसूली के चलते कानपुर मंडल ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त कर 100 प्रतिशत से भी ऊपर का आंकड़ा हासिल किया।
विभाग को 5828 लाख रुपये के राजस्व का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष प्रवर्तन विभाग ने 5833 लाख रुपये की वसूली कर 100.09 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ कानपुर मंडल पूरे प्रदेश में राजस्व वसूली के मामले में शीर्ष स्थान पर रहा।आरटीओ प्रवर्तन कानपुर मंडल राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि फरवरी 2026 तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 100.09 प्रतिशत राजस्व प्राप्त करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इस सूची में मुरादाबाद मंडल दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मेरठ और अयोध्या मंडल 81 प्रतिशत राजस्व प्राप्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहे।उन्होंने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 19 मंडल हैं, जिनमें कानपुर मंडल ने राजस्व वसूली में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके अलावा चालान कार्रवाई के मामले में भी कानपुर मंडल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग को 47,475 चालानों का लक्ष्य दिया गया था, जबकि इसके सापेक्ष 1,77,626 चालान किए गए, जो कि 374.15 प्रतिशत के बराबर है।
यदि पूरे प्रदेश के औसत राजस्व की बात की जाए तो यह लगभग 72 प्रतिशत के आसपास रहा, जबकि कानपुर मंडल ने लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त कर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि कानपुर मंडल का संभागीय परिवहन विभाग इससे पहले भी तीन बार राजस्व वसूली के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। इस वित्तीय वर्ष में भी विभाग ने अपने बेहतर प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
उन्होंने इस उपलब्धि पर पूरी प्रवर्तन टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम की मेहनत, सतर्कता और निरंतर कार्रवाई के कारण यह सफलता संभव हो पाई है। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई कर राजस्व वसूली के लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद