कानपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एनजीओ से जुड़ी महिलाएं, शिक्षिकाएं, अधिवक्ता, डॉक्टर तथा पुलिस विभाग की महिला कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस उपायुक्त लाइन शिवा सिंह ने किया।
डीसीपी लाइन शिवा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय, प्रशासन और सुरक्षा सहित लगभग हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और समाज के विकास में अपना अहम योगदान दे रही हैं। इसी योगदान को सम्मान देने के लिए यह आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि कानपुर कमिश्नरेट पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में वर्तमान में “मिशन शक्ति 5.0” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया।इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानपुर कमिश्नरेट पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है, ताकि महिलाएं निर्भीक होकर समाज में आगे बढ़ सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।
वहीं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रशासन की ओर से भी महिला सशक्तिकरण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, उपनिदेशक पुनीत कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनपद कानपुर नगर में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना के तहत चयनित बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
महिला दिवस पर पुलिस व प्रशासन ने किया सम्मान समारोह