9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह

कानपुर। डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाने और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से जनपद में 9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थान मिलकर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे।
लीड बैंक मैनेजर आदित्य चंद्रा ने बताया कि रिजर्व बैंक के ‘हर पेमेंट डिजिटल’ अभियान के अंतर्गत यह विशेष सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को डिजिटल भुगतान के लाभों के साथ-साथ इसके सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जागरूक करना है, ताकि लोग डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बच सकें।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जागरूकता सप्ताह का मुख्य संदेश “थोड़ा ध्यान से, सावधान रहें – अलर्ट रहें” रखा गया है। इसके माध्यम से लोगों को डिजिटल लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान बैंक शाखाओं, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को डिजिटल भुगतान के सुरक्षित तरीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन्हें बताया जाएगा कि भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी भी व्यक्ति को क्यूआर कोड स्कैन करने या पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।
इसके साथ ही लोगों को यह भी समझाया जाएगा कि ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी स्थिति में किसी के साथ साझा न करें। अक्सर साइबर ठग आकर्षक ऑफर, लॉटरी या पुरस्कार के नाम पर लोगों को फंसाने का प्रयास करते हैं, इसलिए ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहने की सलाह दी जाएगी।
आदित्य चंद्रा ने कहा कि डिजिटल भुगतान करते समय राशि और प्राप्तकर्ता के नाम की दोबारा जांच करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी घटनाओं से आसानी से बचा जा सकता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे सुरक्षित डिजिटल भुगतान को अपनाएं और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो तुरंत संबंधित बैंक या अधिकृत प्राधिकरण को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद