कानपुर। कानपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। वीआईपी रोड पर दो कारों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसा ग्वालटोली थाना क्षेत्र में स्थित परमट पेट्रोल पंप के पास देर शाम हुआ, जिसकी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिससे बाधित यातायात को बहाल कराया जा सका। पुलिस ने घायलों की जानकारी जुटाकर उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वीआईपी रोड पर दो कारों की भीषण टक्कर