मिशन 2027 पर संघ-भाजपा की समन्वय बैठक आज

कानपुर। कानपुर में 6 मार्च को संघ-भाजपा की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक में योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ‘विजन 2027’ की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी तथा प्रांत प्रचारक श्रीराम जी समेत संघ और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक का मुख्य फोकस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की सक्रियता की समीक्षा करना है। साथ ही संघ के विभिन्न सामाजिक कार्यक्षेत्रों में प्रस्तावित योजनाओं और समाज के बीच संगठन की पकड़ मजबूत करने के एजेंडे पर भी चर्चा होगी।
कानपुर में होने वाली इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है। हाल के दिनों में शहर के कुछ जनप्रतिनिधियों और पार्टी नेताओं के बीच सामने आए मनमुटाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए संगठन में अनुशासन और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दे सकते हैं।
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जाने वाले कानपुर प्रांत में होने वाली इस बैठक के माध्यम से संघ अपनी वैचारिक योजनाओं को जमीन पर उतारने और भाजपा उन्हें चुनावी सफलता में बदलने की रूपरेखा तय करेगी। बैठक को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल के मद्देनजर आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद