मिडिल-ईस्ट में फंसे नागरिकों को लेकर प्रशासन सतर्क

कानपुर। मिडिल-ईस्ट (मध्य-पूर्व) क्षेत्र में उत्पन्न युद्ध और अस्थिर सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए कानपुर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के उन सभी नागरिकों का विवरण संकलित किया जा रहा है, जो वर्तमान में ईरान, इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, सऊदी अरब, कुवैत, इराक, कतर अथवा अन्य खाड़ी देशों में किसी भी कारण से रह रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य संभावित आपात स्थिति में प्रभावित नागरिकों से त्वरित संपर्क स्थापित करना है, ताकि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के स्तर पर समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके। हाल ही में इन देशों से लौटे नागरिकों का विवरण भी मांगा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी नागरिकों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य रूप से एकत्र की जा रही है।

यदि किसी परिवार का सदस्य या परिचित उक्त देशों में निवासरत, कार्यरत, अध्ययनरत या यात्रा पर है, तो उनसे संबंधित विवरण तत्काल उपलब्ध कराने की अपील की गई है। आवश्यक जानकारियों में नाम व पासपोर्ट संख्या, वर्तमान देश व शहर, वहां का स्थानीय संपर्क नंबर, भारत का स्थायी पता, परिजनों का मोबाइल नंबर तथा वर्तमान स्थिति (कार्यरत, फंसे हुए या हाल ही में लौटे) शामिल है।
नागरिक अपनी जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय की ई-मेल आईडी [email protected] पर या संबंधित तहसील/एसडीएम कार्यालय में दे सकते हैं। संपर्क के लिए जिलाधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 0512-2304436, 9454417554 सहित प्रशासन द्वारा जारी अन्य हेल्पलाइन नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने सभी संबंधित परिजनों से समय रहते सूचना साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद