पनकी में आज वृहद रोजगार मेला, 1500 पदों पर भर्ती

कानपुर। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत शुक्रवार, 28 फरवरी 2026 को पनकी स्थित नारायणा विद्यापीठ परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर एवं नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से नारायणा विद्यापीठ कैम्पस, गंगागंज, पनकी में शुरू होगा। सहायक निदेशक (सेवायोजन) कानपुर मंडल, उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि मेले का उद्देश्य “हर हाथ को काम, हर परिवार को रोजगार” उपलब्ध कराकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर नगर के सांसद रमेश अवस्थी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी कानपुर नगर (आईएएस) जितेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे।
इस रोजगार मेले में कानपुर सहित अन्य शहरों की अनेक प्रतिष्ठित अस्पतालों और कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। प्रमुख संस्थानों में रीजेंसी हॉस्पिटल, अपोलो हॉस्पिटल, आइरिस लाइफ साइंस लिमिटेड, वेदांता हॉस्पिटल, रैंडस्टैड इंडिया प्रा. लि., जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लि., सन फार्मा इंडस्ट्रीज लि., नाटको फार्मा लि., अजंता फार्मा लि., हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा.लि., द इंडिया थर्मिट कॉर्पोरेशन लि. तथा श्रीराम ग्रुप सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
इन संस्थानों द्वारा लगभग 1500 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उपलब्ध पदों में ट्रेनी इंजीनियर, सॉफ्टवेयर/वेबसाइट डेवलपर, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन, नर्सिंग ऑफिसर, मैनेजर, एटीएम ऑफिसर, प्रोडक्शन ट्रेनी, लोन एडवाइजर, मर्चेंट बीडीई, सुपरवाइजर (कॉलिंग), प्रमोटर कम टीम लीडर, इनबाउंड वॉइस प्रोसेस कस्टमर सपोर्ट तथा ट्रेनी हेल्पर (टेक्सटाइल) जैसे पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 से ₹25,000 तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
नियुक्ति कानपुर नगर के अलावा लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद एवं हिमाचल प्रदेश के सोलन सहित विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा, आईटीआई, बी.फार्मा/डी.फार्मा, बीटेक, बीसीए एवं एमसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, बशर्ते वे सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत हों। इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के पोर्टल “रोजगार संगम” (rojgaarsangam.up.gov.in) पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार हेतु उपस्थित हों। रोजगार मेले को लेकर युवाओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद