कानपुर-शहर के निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी और वैधानिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (नोडल अधिकारी नर्सिंग होम) और कल्याणपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कल्याणपुर क्षेत्र में संचालित चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया इस व्यापक कार्यवाही से क्षेत्र के अवैध और मानक विहीन अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान कुल 13 चिकित्सालयों का सघन निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान न्यू पुष्पांजलि हॉस्पिटल में गंभीर अनियमितताएं और स्वास्थ्य मानकों की भारी अनदेखी पाई गई, जिसके चलते टीम ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल प्रबंधन मौके पर जरूरी वैधानिक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका जांच टीम ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्टार सिटी हॉस्पिटल, शिवाय हॉस्पिटल और एच आर हॉस्पिटल के ओटी (ऑपरेशन थिएटर) को सील कर दिया है अधिकारियों के अनुसार, इन अस्पतालों के ओटी निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे इसके अतिरिक्त, न्यू शुभ हॉस्पिटल, संस्कार हॉस्पिटल और संजय दीप हॉस्पिटल में भी कमियां पाई गईं, जिन्हें नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है इन अस्पतालों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी खामियां दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि शेष चिकित्सालयों में जांच के दौरान कोई गंभीर कमी नहीं मिली और वहां चिकित्सकों द्वारा मरीजों को उचित सुविधाएं दी जा रही थीं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है एसीएमओ (नोडल अधिकारी नर्सिंग होम) ने सख्त लहजे में कहा कि यह कार्यवाही केवल सांकेतिक नहीं है स्वास्थ्य मानकों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ताकि आम जनता को सुरक्षित चिकित्सकीय सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं चलेगा—कानपुर में अवैध अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई