डॉ. पलाश सेन की अगुवाई में यूफोरिया बैंड का लाइव शो, भोपाल कथक समिति की शास्त्रीय प्रस्तुति
कानपुर नगर।
“सनातन एवं संस्कृति का उत्सव” थीम पर आयोजित बिठूर महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ आज 26 फरवरी को किया जाएगा। तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन सायं 4:45 बजे प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा किया जाएगा। महोत्सव 26 से 28 फरवरी तक चलेगा, जिसमें संस्कृति, कला, नवाचार और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव से पूर्व बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने नाना राव पेशवा स्मारक स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच, प्रदर्शनी पंडाल, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग, यातायात योजना, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि महोत्सव की तैयारियां लगभग पूर्ण हैं और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।
उद्घाटन दिवस रहेगा खास
उद्घाटन दिवस पर सायं 5:15 बजे भोपाल कथक समिति द्वारा शास्त्रीय कथक की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद रात्रि 7:30 बजे देश के प्रसिद्ध रॉक बैंड यूफोरिया के साथ जाने-माने गायक डॉ. पलाश सेन की लाइव प्रस्तुति होगी, जो पहले दिन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
संस्कृति, विज्ञान और नवाचार का संगम
बिठूर महोत्सव–2026 में रक्षा मंत्रालय के उपक्रमों की प्रदर्शनी, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर की एआई एवं वीआर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी, उद्यान विभाग का आकर्षक फ्लावर शो, तथा छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग की कला प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही लोक कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां महोत्सव को विशेष पहचान देंगी।
27 फरवरी को स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय संस्कृति और नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहन मिल सके। 28 फरवरी को शास्त्रीय एवं लोक प्रस्तुतियों के साथ भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा, जिसके साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में सहभागिता करें और शांति, स्वच्छता व यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। महोत्सव के दौरान आमजन की सुविधा के लिए कानपुर नगर से बिठूर तक रोडवेज बसों का विशेष संचालन प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा।
बिठूर महोत्सव–2026 न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह कानपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास भी है।