कानपुर। शहर के प्रतिष्ठित पारितोष इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में शाम 5 बजे से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी अरुण पाठक तथा विशिष्ट अतिथि चन्द्रेश द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के चेयरमैन संजय अवस्थी एवं डायरेक्टर डॉ. रचना अवस्थी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों की महत्ता पर विशेष बल दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। ऐतिहासिक नाटकों ‘स्वराज की दहाड़’ और ‘झांसी की रानी लक्ष्मीबाई’ की शौर्य गाथा पर आधारित मंचन ने दर्शकों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। भक्ति एवं समसामयिक विषयों पर आधारित खाटू श्याम भजन और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाटक को भी खूब सराहा गया। लोकनृत्य और समूह संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग और उल्लास का वातावरण बना दिया।
सांस्कृतिक संध्या के साथ विद्यालय में साइंस एवं आर्ट्स एग्जीबिशन का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार वैज्ञानिक मॉडल और हस्तशिल्प कलाकृतियों ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल एवं रचनात्मक मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यक्ष रामदेव शुक्ल, प्रधानाचार्य रॉकमैन सैमसन और पारितोष अवस्थी की देखरेख में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। चेयरमैन संजय अवस्थी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
पारितोष इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न