कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के भिण्डुरी (नया पुरवा) गांव में बीती रात गैस सिलेंडर के रिसाव से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कमरे की दो दीवारें पूरी तरह ढह गईं और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में कमरे में रह रहे बुजुर्ग मजदूर रमेश चंद्र दुबे (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत यह रही कि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भिण्डुरी स्थित साईं मेडिकल कॉलेज के पास नरेश शुक्ला उर्फ रमा शुक्ला के मकान में रमेश चंद्र दुबे, निवासी दुबियाना (शिवराजपुर) किराए पर एक कमरा लेकर रहते हैं और मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात भोजन बनाने के बाद वह गैस सिलेंडर बंद करना भूल गए। कमरा चारों ओर से बंद होने के कारण रात भर उसमें गैस भरती रही। देर रात लगभग 12:40 बजे अचानक किसी चिंगारी के संपर्क में आने से गैस ने आग पकड़ ली और जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट के चलते कमरे की दो दीवारें भरभराकर गिर गईं। मलबे की चपेट में आने से रमेश चंद्र दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी और चौबेपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौबेपुर भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है।
हादसे का असर आसपास भी देखने को मिला। विस्फोट से गिरी दीवारों का मलबा पड़ोस में बंधी राजेश कुमार शुक्ला की तीन बकरियों पर गिर गया। इस हादसे में एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सालय चौबेपुर की टीम ने घायल बकरियों का उपचार शुरू किया, वहीं मृत बकरी का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में विस्फोट का कारण गैस सिलेंडर से हुआ रिसाव बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
गैस रिसाव से मकान में विस्फोट, बुजुर्ग मजदूर घायल, दीवारें गिरीं