18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 92,444 परीक्षार्थी लेंगे हिस्सा

कानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी, जिनमें कुल 92,444 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बुधवार को एचबीटीयू विश्वविद्यालय के शताब्दी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित तिथि से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने प्रश्न-पत्रों के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी की सतत निगरानी, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया। डीएम ने कहा कि 92,444 परीक्षार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षाएं पूर्णतः पारदर्शी, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से कराई जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनपद में हाईस्कूल के 46,430 तथा इंटरमीडिएट के 46,014 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए जनपद के कुल 124 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 07 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 73 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय एवं 44 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।

बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 09 जोनल मजिस्ट्रेट, 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 124 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 124 केंद्र व्यवस्थापक एवं 124 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं।
रंजीत कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), कमिश्नरेट कानपुर नगर ने जानकारी दी कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित ढुलाई एवं संरक्षण तथा सचल दलों की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने किसी भी अवांछित गतिविधि पर त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।वहीं डॉ. विवेक चतुर्वेदी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), कानपुर नगर ने केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को समन्वित टीम के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले वर्षों में सामने आई समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी समाधान पर बल दिया और ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। डॉ. संतोष कुमार राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर नगर ने शासन द्वारा निर्धारित मानकों और प्रावधानों की जानकारी उपस्थित अधिकारियों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को दी तथा परीक्षा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सचल दल प्रभारी उपस्थित रहे। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद