कानपुर। गोविन्द नगर स्थित सिंधी धर्मशाला में सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी न्यास द्वारा एक भव्य संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन के विस्तार एवं मजबूती की दिशा में कानपुर महानगर के उत्तर और दक्षिण जिलों के लिए जिलाध्यक्षों की घोषणा करना रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति के बीच यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के प्रदेश प्रभारी व प्रवक्ता नीरज श्रीवास्तव द्वारा किया गया। संचालन के दौरान संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्णय अनुसार पदाधिकारियों के नामों की औपचारिक घोषणा की गई। संगठन ने नवीन तुलसानी को दक्षिण जिला कानपुर महानगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया, जबकि उत्तर जिला कानपुर महानगर की जिम्मेदारी जितेन्द्र सोनकर को सौंपी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हिन्दू युवा वाहिनी न्यास के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू सिंह ने दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को मनोनयन पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही उन्हें माला व संगठन का पटका पहनाकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं। अपने संबोधन में राजू सिंह ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जिलाध्यक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उन्हें पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।इस अवसर पर संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर 200 से अधिक लोगों ने हिन्दू युवा वाहिनी न्यास की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए एवं पुराने सदस्यों ने एक स्वर में सनातन धर्म की रक्षा, सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अशोक तिवारी, राहुल गुप्ता, अरुण अरोरा, दुष्यंत मिश्रा, शुभम सोनकर, दीपू पासवान, मनीष, राकेश गुप्ता, अनुपम गुप्ता, अतिन अग्रहरि, संतोष चंदेल, विजय ठाकुर, दिलीप, विक्की मुरजानी और भरत छत्तानी सहित अनेक लोग कार्यक्रम में शामिल रहे।कार्यक्रम का समापन संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने के संकल्प के साथ किया गया, जिससे आगामी समय में हिन्दू युवा वाहिनी न्यास की गतिविधियों को और अधिक विस्तार मिलने की उम्मीद जताई गई।
हिन्दू युवा वाहिनी न्यास ने घोषित किए जिलाध्यक्ष