कानपुर। आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल) को रक्षा मंत्रालय के अधीन महानिदेशालय गुणवत्ता आश्वासन (डीजीक्यूए) द्वारा प्रतिष्ठित स्वत्त्व-प्रमाणन स्तर से सम्मानित किया गया है। यह विशिष्ट प्रमाणन जीआईएल के फ्लोट असेम्बली एवं बोट असॉल्ट न्यूमैटिक उत्पादों के लिए प्रदान किया गया है, जो सशस्त्र सेनाओं को उच्च गुणवत्ता वाले स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।यह सम्मान जीआईएल की विनिर्माण स्वायत्तता, गुणवत्ता उत्कृष्टता तथा आत्मनिर्भर भारत के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। सशस्त्र सेनाओं के लिए विश्वसनीय और उच्च मानकों पर खरे उतरने वाले उत्पादों के निर्माण में जीआईएल की भूमिका को इस प्रमाणन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है।
यह विशिष्ट प्रमाणन 06 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में डीजीक्यूए के महानिदेशक एन. मनोहरन, एडीजी क्यूए (वी एंड ईई) मेजर जनरल जे. जेम्स तथा कंट्रोलर सीक्यूए (ईई) पुणे ब्रिगेडियर आर. भटनागर ने संयुक्त रूप से ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एम.सी. बालासुब्रमणियम को यह प्रमाणन प्रदान किया। इस अवसर पर ओपीएफ के मुख्य महाप्रबंधक बी.एल. मीना भी उपस्थित रहे।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एम.सी. बालासुब्रमणियम ने कहा कि यह सम्मान विनिर्माण स्वायत्तता की दिशा में जीआईएल की यात्रा का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन न केवल उत्पादन प्रक्रियाओं को अधिक सरल और प्रभावी बनाने में सहायक होगा, बल्कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों के लिए उच्चतम स्तर की विश्वसनीयता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की हमारी क्षमता को भी मजबूत करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि जीआईएल भविष्य में भी रक्षा क्षेत्र में स्वदेशीकरण, गुणवत्ता सुधार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए निरंतर नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करता रहेगा। यह सम्मान समूची जीआईएल टीम की मेहनत, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है, जो आने वाले समय में रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
जीआईएल को डीजीक्यूए का गुणवत्ता प्रमाणन