यातायात व्यवस्था को लेकर डीसीपी ट्रैफिक का निरीक्षण

कानपुर। शहर में सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने यातायात संचालन की वर्तमान स्थिति का गहन अवलोकन करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक रविन्द्र कुमार ने बड़ा चौराहा, परेड चौराहा एवं चुन्नीगंज चौराहा सहित अन्य व्यस्त मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर बढ़ते यातायात दबाव, वाहनों की अनियंत्रित एवं अवैध पार्किंग तथा जाम की स्थिति का सूक्ष्मता से जायजा लिया। मौके पर यह भी देखा गया कि पीक आवर्स के दौरान यातायात दबाव काफी बढ़ जाता है, जिससे आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीक आवर्स के समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके और यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल मार्गों पर विशेष ध्यान दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों की निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही हर हाल में सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के आसपास यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रखा जाए।
इसी क्रम में शहर में प्रस्तावित वीआईपी विजिट को लेकर भी पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार द्वारा मनोज इंटरनेशनल, रामादेवी चौराहा एवं दस नंबर कैंटीन ड्यूटी प्वाइंट का स्थलीय निरीक्षण एवं ड्यूटी चेकिंग की गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ट्रैफिक रंजीत कुमार एवं यातायात निरीक्षक पूर्वी द्वितीय लाइन सहित अन्य यातायात अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस उपायुक्त यातायात ने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद