कानपुर— उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन संख्या-2 में किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मंडल अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों, शिल्पकारों और लाभार्थियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रचार-प्रसार और बिक्री कर सकें। अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि इस प्रदर्शनी में कानपुर मंडल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से खादी एवं ग्रामोद्योग की विभिन्न इकाइयां प्रतिभाग करेंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों की रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित एवं पंजीकृत उद्यमी भी अपने उत्पादों के साथ प्रदर्शनी में शामिल होंगे। इससे न केवल स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आम जनमानस को भी एक ही स्थान पर विविध उत्पाद देखने और खरीदने का अवसर प्राप्त होगा।
ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी के लिए कुल 100 स्टॉलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिन्हें उद्यमियों और प्रतिभागियों को आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में खादी के वस्त्र, रेडीमेड परिधान, ऊनी वस्त्रों के साथ-साथ मुरादाबाद के प्रसिद्ध पीतल उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, प्रतापगढ़ के अर्वेला उत्पाद, सहारनपुर का फर्नीचर, गुड़, चर्म उत्पाद, बांस-बेत से बने सामान तथा बनारस की साड़ियाँ सहित अनेक पारंपरिक और हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन, खादी एवं ग्रामोद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, रेशम विभाग) द्वारा दिनांक 09 फरवरी 2026 को सायं 5:00 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जनपद के सांसदगण, विधायकगण, विधान परिषद सदस्य एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजकों ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार सहित प्रदर्शनी में पधारें और खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की खरीदारी कर शिल्पकारों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करें। इससे उनके जीवन-यापन में सकारात्मक बदलाव आएगा और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।प्रेसवार्ता के दौरान परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के साथ अभय कुमार त्रिपाठी एवं के.के. पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
09 से 18 फरवरी तक खादी प्रदर्शनी