स्मार्ट मीटर कर्मियों को प्रशिक्षण

कानपुर— शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और उपभोक्ता-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कानपुर विद्युत आपूर्ति कम्पनी लिमिटेड (केस्को) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार एएमआईएसपी (AMISP) योजना के तहत कार्यरत कार्यदाई संस्था ‘मेसर्स जीनस’ के कर्मियों के लिए निराला नगर रेलवे ग्राउंड में विशेष प्रशिक्षण एवं सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में केस्को के निदेशक (तकनीकी), निदेशक (वाणिज्य) सहित कुल 267 अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान फील्ड में तैनात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान उपभोक्ताओं के साथ शालीन, सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार करें। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार या अनावश्यक दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को बताया गया कि किसी भी परिसर में स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को इसके लाभों, कार्यप्रणाली और रिचार्ज व्यवस्था के बारे में पूरी जानकारी देना अनिवार्य है। इसके साथ ही मीटर स्थापना के बाद ‘सीलिंग सर्टिफिकेट’ को पूर्ण विवरण और हस्ताक्षर के साथ भरना होगा तथा उसकी एक प्रति उपभोक्ता को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
केस्को अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि मीटर लगने से लेकर पहले रिचार्ज तक उपभोक्ता को तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन देना संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में UPPCL Smart App इंस्टॉल कराना भी जरूरी होगा, जिससे वे अपनी दैनिक बिजली खपत, बैलेंस और अन्य जानकारियां आसानी से देख सकें।
विभाग ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि किसी भी कर्मी द्वारा उपभोक्ता के उत्पीड़न, गलत जानकारी देने या अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलती है, तो संबंधित कर्मी के खिलाफ तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। केस्को का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में स्मार्ट मीटरिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर, पूरी पारदर्शिता के साथ और बिना किसी विवाद के सफलतापूर्वक पूरा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद