कानपुर— शहर में अवैध निर्माण पर नकेल कसने के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को केडीए की टीम ने दर्शनपुरवा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे एक निर्माणाधीन परिसर को पूरी तरह से सील कर दिया। यह कार्रवाई केडीए के उपाध्यक्ष और सचिव के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-2बी के अंतर्गत की गई। प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि दर्शनपुरवा इलाके में बिना मानचित्र स्वीकृति और नियमों का उल्लंघन कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के आदेश जारी किए।
केडीए अधिकारियों के अनुसार दर्शनपुरवा स्थित भूखंड संख्या-415 पर मुकेश गुप्ता द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मौके पर पहुंची प्रवर्तन टीम ने पहले निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया और इसके बाद पूरी इमारत को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही।
सीलिंग की प्रक्रिया के समय केडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इनमें विशेष रूप से सत् शुक्ला, विशेष कार्याधिकारी (प्रवर्तन) जोन-2बी, रमाकांत, अवर अभियंता सहित प्रवर्तन दस्ते की पूरी टीम शामिल रही। अधिकारियों ने सीलिंग की कार्रवाई को नियमानुसार पूरा कराया।
विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला ने बताया कि केडीए की नजर क्षेत्र में चल रहे अन्य अवैध निर्माणों पर भी बनी हुई है। वर्तमान में दर्शनपुरवा और आसपास के इलाकों में किए जा रहे अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें सील या ध्वस्त भी किया जाएगा।
दर्शनपुरवा में अवैध निर्माण सील