शुक्लागंज–मन्धना में अवैध निर्माण किया गया सील

कानपुर— शहर में अवैध और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शनिवार को बड़ी और सख्त कार्रवाई की। उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल के स्पष्ट निर्देशों पर प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने शुक्लागंज और मन्धना क्षेत्र में मानकों के विपरीत बनाए जा रहे शोरूम तथा बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के तहत राजधानी मार्ग, शुक्लागंज में पीटर इंग्लैंड शोरूम के बगल में अंकित मिश्रा व अन्य द्वारा लगभग 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण मानकों के विपरीत था। इसे रोकने के लिए पूर्व में नोटिस और पुलिस पत्र भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया। नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए केडीए ने उक्त निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया।
दूसरी बड़ी कार्रवाई मन्धना क्षेत्र के बैकुण्ठपुर में की गई, जहां जितेन्द्र सिंह भदौरिया व अन्य द्वारा लगभग 4 बीघा भूमि पर बिना केडीए से ले-आउट (तलपट मानचित्र) स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। केडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस प्लॉटिंग को अवैध घोषित किया और पूरी साइट को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में 3 अन्य बड़ी अवैध प्लॉटिंग को भी चिन्हित किया गया है, जिन पर जल्द ही ध्वस्तीकरण या सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इनमें बगदौधी बांगर कछार (मन्धना) में अभिनव व अन्य द्वारा लगभग 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही प्लॉटिंग, बगदौधी बांगर में दयाशंकर व अन्य द्वारा करीब 18,000 वर्ग मीटर में किया गया अवैध विकास तथा गम्भीरपुर (कल्याणपुर) में अज्ञात विकासकर्ता द्वारा लगभग 18,000 वर्ग मीटर भूमि पर किया गया अवैध कब्जा शामिल है।शुक्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से केडीए ने प्रवर्तन और भूमि बैंक अनुभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया है। यह टीम आगामी 15 दिनों के भीतर पूरे क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर क्षेत्र के अंतर्गत चिन्हित लगभग 4 बीघा की अन्य अवैध प्लॉटिंग पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह के साथ अवर अभियंता हिमांशु, सुपरवाइजर लाल सिंह, राजकुमार तथा क्षेत्रीय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। केडीए अधिकारियों ने दोहराया कि अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद