एडीजी रेलवे ने किया प्री-फैब्रिकेटेड बैरक का लोकार्पण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

महाकुंभ में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 68 पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री मेडल से हुए सम्मानित
कानपुर।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों की आवासीय समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी ने नवनिर्मित प्री-फैब्रिकेटेड बैरक का भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जीआरपी थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का उत्साहवर्धन किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एडीजी रेलवे ने कहा कि बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक दक्षता एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पाते हैं। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त सम्मान समारोह रहा। इस अवसर पर वर्ष 2025 में संपन्न हुए महाकुंभ मेला के दौरान उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह सहित कुल 68 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वर्तमान में चल रहे माघ मेले एवं आगामी पर्वों को ध्यान में रखते हुए एडीजी रेलवे ने अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। एडीजी रेलवे ने पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि
बॉडी वॉर्न कैमरा का उपयोग पारदर्शी पुलिसिंग एवं साक्ष्य संकलन के लिए किया जाए,
नेक बैंड स्पीकर के माध्यम से यात्रियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं,
पीए सिस्टम एवं सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर त्वरित सूचना तंत्र विकसित किया जाए।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रेलवे (प्रयागराज) एन. कोलांची, डीआईजी पीएसी (कानपुर नगर) अतुल शर्मा, डिप्टी कमांडेंट पीएसी बजरंग बली चौरसिया, क्षेत्राधिकारी रेलवे दुष्यंत कुमार सिंह एवं आरपीएफ प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी एवं भवन निर्माण इकाई के अवर अभियंता सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया और कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन पुलिस बल को और अधिक जिम्मेदारी व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद