सिंगल क्लिक से खातों में पहुंचे पैसे, कानपुर में आवास निर्माण को मिली रफ्तार

कानपुर—जनपद के हजारों परिवारों का अपना पक्का घर होने का सपना अब साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत बीएलसी घटक के तहत कानपुर नगर के 3497 चयनित लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त की धनराशि जारी कर दी गई है। बीते 18 जनवरी 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में यह धनराशि सीधे हस्तांतरित की। कानपुर नगर के प्रत्येक लाभार्थी को प्रथम किस्त के रूप में 1 लाख रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में अवमुक्त की गई है। परियोजना अधिकारी (डूडा) ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे प्राप्त धनराशि का तत्काल और सही उपयोग आवास निर्माण कार्य में करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाभार्थी जितनी शीघ्रता से निर्माण कार्य शुरू करेंगे, जियो-टैगिंग की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उन्हें अगली किस्तें भी उतनी ही आसानी और समय पर प्राप्त हो सकेंगी। निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी होने पर आगामी किस्तों के भुगतान में तकनीकी अड़चन आ सकती है। योजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डूडा कार्यालय ने साफ तौर पर बताया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 पूरी तरह से निशुल्क योजना है और इसके नाम पर किसी भी प्रकार का सुविधा शुल्क या रिश्वत मांगना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। यदि कोई बिचौलिया या व्यक्ति आवास दिलाने के नाम पर धन की मांग करता है, तो लाभार्थी तत्काल विकास भवन स्थित परियोजना अधिकारी, डूडा से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। डूडा विभाग ने सभी लाभार्थियों को सचेत करते हुए कहा है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं और सीधे विभाग से ही संपर्क बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद