नगर आयुक्त से मुलाकात न होने पर भड़के ऑटो लोडर चालक, नगर निगम मुख्यालय में प्रदर्शन

कानपुर।उत्तर प्रदेश ऑटो लोडर संयुक्त कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों ऑटो लोडर चालकों ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन नगर आयुक्त के उनसे मिले बिना ही कार्यालय के पीछे के रास्ते से निकल जाने की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारियों का आक्रोश भड़क उठा। नाराज चालक और पदाधिकारी नगर निगम मुख्यालय के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संगठन पदाधिकारियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पूरे देश में कहीं भी लोडर जैसे भार वाहनों पर नगर निगम द्वारा अलग से कोई टैक्स नहीं लगाया जाता, फिर कानपुर नगर निगम किस नियम और कानून के तहत यह वसूली कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ऑटो लोडर चालक पहले से ही उत्तर प्रदेश सरकार को रोड टैक्स, फिटनेस टैक्स और अन्य वैधानिक शुल्क अदा कर रहे हैं, तो नगर सीमा में प्रवेश करते ही उनसे अतिरिक्त शुल्क क्यों लिया जा रहा है।
संगठन का कहना है कि यह वसूली पूरी तरह अवैध है और न तो इसका कोई स्पष्ट शासनादेश है और न ही कोई लिखित नियमावली। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कानपुर के विभिन्न जोनों में जिन लोगों द्वारा टैक्स वसूली की जा रही है, उनके पास नगर निगम का कोई आधिकारिक पहचान पत्र नहीं होता और न ही वे किसी निर्धारित वर्दी में रहते हैं। इस स्थिति का फायदा उठाकर कई असामाजिक तत्व भी खुद को वसूलीकर्ता बताकर वाहनों को रोकते हैं और जबरन पैसे वसूलते हैं, जिससे आए दिन चालकों और कथित वसूलीकर्ताओं के बीच विवाद और झगड़े की स्थिति बनती रहती है।
ऑटो लोडर चालकों ने ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान का हवाला देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत आज लगभग सभी विभागों की सेवाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा वसूले जा रहे इस कथित “केंद्रीय शुल्क” या टैक्स की कोई भी जानकारी नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट या किसी ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। इससे यह साफ होता है कि पूरी प्रक्रिया न तो पारदर्शी है और न ही जवाबदेह। संगठन ने मांग की कि यदि यह टैक्स वैध है, तो इसका स्पष्ट कानूनी आधार सार्वजनिक किया जाए और इसकी पूरी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि चालकों को भ्रम और शोषण से बचाया जा सके।धरने के दौरान पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही इस अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो ऑटो लोडर चालक बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजीव जायसवाल, दिवाकर मिश्रा, शमीम, वसीम, सोनू तिवारी, जितेंद्र रतन, राम नरेश भदैरिया, उमाशंकर, अंकुर गुप्ता और राजू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ऑटो लोडर चालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद