कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीते गुरुवार की देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने शिव नारायण टंडन सेतु के नीचे घेराबंदी कर मीरपुर कैंट तलउवा निवासी मोहम्मद सैफुद्दीन को दबोच लिया। पुलिस की तलाशी में आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह शौक के चलते और इलाके में अपना रौब जमाने के लिए तमंचा लेकर घूमता था, ताकि लोग उससे डरें और उसकी दहशत बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
रेल बाजार थाना क्षेत्र में तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, इलाके में मचा हड़कंप