मुख्य अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे, 5 फायर टेंडरों की मदद से आग पर पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं
कानपुर। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र सोहन लाल कंपाउंड, थाना अनवरगंज अंतर्गत आज 05 जनवरी 2025 को दोपहर लगभग 11:15 बजे एक सैडलरी (चमड़े के सामान) फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अग्निशमन विभाग की त्वरित और समन्वित कार्यवाही से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना बिलाल नामक व्यक्ति द्वारा अग्निशमन केंद्र लाटूश रोड को दी गई, जिसके बाद तत्काल लाटूश रोड से दो मोटर फायर इंजन तथा कर्नलगंज फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर अग्निशमन अधिकारी के साथ मौके के लिए रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हुए और रास्ते से ही मिनी कंट्रोल रूम को निर्देशित करते हुए फजलगंज, पनकी मीरपुर एवं जाजमऊ अग्निशमन केंद्रों से एक-एक फायर टेंडर मौके पर भेजे जाने के आदेश दिए।
घटनास्थल पर पहुंचकर यह पाया गया कि आसिफ अनवर पुत्र अनवारुल हक, निवासी बांसमंडी के भवन/परिसर संख्या 89/193, सोहन लाल कंपाउंड स्थित मैसर्स लीडर वेयर्स (इंडिया) सैडलरी फैक्ट्री के द्वितीय तल पर आग लगी हुई थी। आग अत्यधिक तेज लपटों और जहरीले धुएं के साथ फैल रही थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पर्यवेक्षण में सभी अग्निशमन यूनिटों ने चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री और जहरीले धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों ने साहस व सूझबूझ से कार्य करते हुए आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया।
अग्निशमन विभाग की तत्परता के चलते आग को अन्य तलों तथा आसपास के घने आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।