पूर्वी जोन में पशु चोरों का आतंक, रात के अंधेरे में तीन भैंसें चोरी, पुलिस गश्त पर सवाल

कानपुर।
कमिश्नरेट के पूर्वी जोन में पशु चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसौल चौकी के नगरा गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात पशु चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर किसान के घर बंधी तीन भैंसें रस्सा और जंजीर खोलकर चुरा ले गए और मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित किसान सुनील कुमार के अनुसार, रात के समय उनके घर के बाहर बंधी तीनों भैंसें चोर खोलकर ले गए। सुबह जब वह पशुओं को देखने पहुंचे तो तीनों भैंसें गायब मिलीं। चोरी गई भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद रात के समय पुलिस गश्त नाममात्र की ही दिखाई देती है। लोगों का आरोप है कि यदि नियमित और प्रभावी गश्त होती, तो इस तरह की वारदातों पर लगाम लगाई जा सकती थी।
घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर रात में पुलिस गश्त कहां थी? बार-बार हो रही पशु चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? पशु चोर गिरोह इतने बेखौफ कैसे हो गए कि गांवों में घुसकर खुलेआम वारदात कर रहे हैं?
पीड़ित किसान ने घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल किए जाने की बात कही जा रही है, हालांकि अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल कागजी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में रात की पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की सख्ती से जांच की जाए और सक्रिय पशु चोर गिरोहों पर जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो पशु चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे किसानों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद