कानपुर।
कानपुर कमिश्नरेट के यशोदानगर बाइपास पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साउथ जोन की चर्चित ‘दबंग लेडी गैंग’ से जुड़े दो पक्षों की युवतियां आपस में भिड़ गईं। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट ने हाई वोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना उग्र हो गया कि युवतियां एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगीं। मौके पर गालियों की गूंज सुनाई देती रही और बीच सड़क पर जमकर हुड़दंग मचा। मारपीट करने वाली और मार खाने वाली दोनों पक्षों की युवतियां बर्रा थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवतियां एक-दूसरे पर हमला कर रही हैं और खुलेआम अभद्र भाषा का प्रयोग कर रही हैं। घटना के दौरान यशोदा नगर बाइपास पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। इस पूरे हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस की तत्काल मौजूदगी न होने से दबंगों के हौसले और बुलंद नजर आए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि काफी देर तक हंगामा जारी रहने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बाइपास जैसी मुख्य सड़क पर सरेआम दबंगई हो सकती है, तो गली-मोहल्लों में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। वायरल वीडियो ने कानपुर कमिश्नरेट की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी युवतियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
यशोदा नगर बाइपास बना रणक्षेत्र, लेडी गैंग आमने-सामने